Wednesday, 29 April 2015

तीन जनों के कर दिए खाते साफ

जयपुर। शहर में एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को धता बताते हुए साइबर ठगों ने तीन जनों के खातों से लाख रुपए उड़ा लिए। पुलिस के अनुसार कोतवाली थाना इलाके में साइबर ठग ने व्यापारी के क्रेडिट कार्ड से 17 हजार रुपए की ऑनलाइन शापिंग कर ली।
जबकि पीडि़त का क्रेडिट कार्ड उसकी जेब में ही रखा हुआ था। पीडि़त को ठगी की जानकारी मोबाइल पर मैसेज आने के बाद मिली। इस संबंध में मंगलवार को पीडि़त ने थाने आकर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने बताया कि सिंधी जी का रास्ता चौड़ा रास्ता निवासी राजेंद्र अग्रवाल की चौड़ा रास्ता में कपड़ों की दुकान है। 26 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे मोबाइल पर एक मैसेज आया। जिसमें उसके क्रेडिट का कार्ड का उपयोग कर 17790 रुपए की ऑनलाइन शापिंग करने की जानकारी थी। इस पर पीडि़त ने जब बैंक अधिकारी से संपर्क किया। उन्होने बताया कि उसके क्रेडिट कार्ड से किसी ने पिन नंबर की मदद से ऑनलाइन शापिंग की है। इसके बाद पीडि़त ने थाने आकर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।


बैंक अधिकारी बन 14 हजार की ऑनलाइन शापिंग
वैशाली नगर थाना इलाके में मंगलवार को साइबर ठगों ने फर्जी बैंक अधिकारी बनकर एक युवक के खाते से 14 हजार रुपए की ऑनलाइन शापिंग कर ली। पीडि़त को मोबाइल पर मैसेज आने पर के बाद ठगी का पता चला। इस संबंध में पीडि़त ने थाने आकर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने बताया कि संजय नगर निवासी गुड्डू पुत्र पूरनचन्द का चित्रकूट नगर स्थित एसबीबीजे बैंक में खाता है। मंगलवार सुबह करीब 10.45 बजे उसके पास एक फोन आया। सामने से बोल रहे युवक ने खुद का अधिकारी बताया। उसने कहा कि आपका एटीएम कार्ड बंद हो गया। इसकी सेवा आगे चालू रखने के लिए खाते की डिटेल देनी होगी। पीडि़त ने झांसे में आकर अपने बैंक खाते की सभी जानकारी ठग को दे दी। कुछ देर बाद ही पीडि़त के मोबाइल पर दो मैसेज आए। जिसमें 14 हजार रुपए की ऑनलाइन शापिंग करने की जानकारी थी। इसके बाद पीडि़त ने थाने आकर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।

चाकसू में भी बनाया शिकार
चाकसू थाना इलाके में भी साइबर ठगों ने फर्जी बैंक अधिकारी बनकर एक जने के खाते से 61 हजार रुपए से ज्यादा निकाल लिए। पीडि़त को मोबाइल पर मैसेज आने पर ठगी का पता चला। इस संबंध में पीडि़त ने थाने आकर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने बताया कि चाकसू निवासी सुभाष बैरवा के पास फोन के जरिए बैंक अधिकारी बनकर उसके एटीएम कार्ड बंद होने की जानकारी दी और एटीएम फिर से चालू रखने के लिए खाते की डिटेल मांगी।  पीडि़त ने झांसे में आकर अपने बैंक खाते की सभी जानकारी ठग को दे दी। कुछ देर बाद ही पीडि़त के मोबाइल पर दो मैसेज आए। जिसमें 61 हजार 973 रुपए की निकासी का मैसेज आया।

0 comments:

Post a Comment

 
 
Blogger Templates