Friday, 3 April 2015

तेज अंधड से दो मकान गिरे


एक महिला की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल
4 April 2015
जयपुर। शहर में गुरुवार रात आए तेज अंधड के कारण कानोता और हरमाड़ा थाना इलाके में दो मकान गिर गए।इस हादसे में  एक महिला की मौत हो गई और  दस जने गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार सुबह मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार गुरुवार मध्य रात्रि आए तेज अंधड के कारण जगह-जगह बिजली के तार टूट गए और  कच्चे मकानों के टिन टप्पर उड़ गए। इस दौरान हरमाड़ा थाना इलाके के कुनाना गांव में श्रवण नाई का परिवार अपने कच्चे मकान में सो रहा था। आंधी के कारण उसके मकान के टिन टप्पर उड गए तथा सभी लोग सामने के खाली मकान में आकर सो गए। इस दौरान तेज हवाओं के कारण उस मकान की पट्टियां टूटकर सभी पर आ गिरी। इससे नर्बदा देवी(45)की मौके पर ही मौत हो गई और उसके दो भाई कैलाश और गोवर्धन तथा पुत्र गोलू गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान एक अन्य महिला नारायणी देवी तथा श्रवण कुमार भी घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इधर कानोता थाना इलाके में भी गुरुवार रात एक स्कूल की दीवार पड़ोसी के मकान पर गिर जाने के कारण उसका मकान ध्वस्त हो गया जिससे पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि देर रात तेज अंधड़ के कारण प्रतापनगर कॉलोनी में स्थित एक स्कूल की दीवार पड़ोसी मानसिंह के मकान पर जा गिरी। इसके कारण उस मकान की पट्टियां टूटकर गिर गई जिससे मानसिंह, विजय सिंह, अर्जुन सिंह और रीना घायल हो गए। इसमें एक डेढ़ वर्षीय बालिका भी घायल हो गई। सभी घायलों को एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसी तरह महेश नगर थाना इलाके में स्थित स्वेज फार्म पर एक दीवार गिर गई।


0 comments:

Post a Comment

 
 
Blogger Templates