Friday, 3 April 2015

बीआरटीएस की कछुआ चाल बनी जानलेवा


ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचला
तीन घंटे तक स्थानीय लोगों का प्रदर्शन
4 April 2015
जयपुर। मानसरोवर में बीआरटीएस का धीमी गति से जारी कार्य एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। न्यू सांगानेर रोड स्थित वीटी रोड चौराहे पर एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हादसे में दंपती की सवा साल की पोती बच गई।
घटना की जानकारी मिलने पर भारी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौके पर जमा हो गए और प्रदर्शन करने लगे। इससे न्यू सांगानेर रोड पर भारी जाम लग गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का बेहद प्रयास किया। तीन घंटे से ज्यादा चले इस घटनाक्रम में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के आश्वासन और दोनों मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता की मंजूरी के बाद लोग शांत हुए। आसपास मौजूद लोगों ने मिसाल पेश करते हुए आपसी सहयोग से 30 हजार रुपए जमा कर पीडि़त परिवार को तत्काल सहायता राशि प्रदान की। पुलिस ने मौके से घटना के बाद फरार ट्रक चालक को बी टू बाइपास पर रोककर ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।  
पुलिस के अनुसार शिप्रा  थाना इलाके में शक्रवार सुबह करीब सवा दस बजे मुहाना निवासी ब्रह्मानंद बैरवा(48) अपनी पत्नी जमुना देवी(45) और सवा साल की पोती पूजा के साथ बाइक से धन्वन्तरी अस्पताल से घर लौट रहे थे। इस दौरान मानसरोवर इलाके में न्यू सांगानेर रोड स्थित वीटी रोड चौराहे पर एक अनियंत्रित ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे मासूम पूजा दूर जा गिरी जबकि दंपती ट्रक के पहिए के नीचे आ गए जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल भिजवा दिया।

लोगों का भारी विरोध
करीब आठ साल से न्यू सांगानेर रोड पर कछुुआ चाल से चल रहे बीआरटीएस रूट निर्माण कार्य के दौरान चरमराई यातायात व्यवस्था और हादसे दर हादसे होने के बावजूद प्रशासनिक उदासीनता की वजह से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैंकड़ों की संख्या में लोग चौराहे पर जमा हो गए और प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी कर प्रदर्शन करने लगे। घटना के बाद आला अधिकारी मौके पर पहुंचे । अधिकारियों ने रेड लाईट लगाने और पत्रक ार कॉलोनी रोड शुरू करने और निर्माण कार्य में तेजी के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए।
 

0 comments:

Post a Comment

 
 
Blogger Templates