शोरूम में खरीदारी के बहाने आई थी, शक होने पर मालिक ने बुलाई पुलिस
02 April 2015
जयपुर। खरीदारी के बहाने शोरूमों में घूसकर कपड़े चुराने वाली युवती को बुधवार दोपहर झोटवाड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चोरी का शक होने पर शोरूम मालिक ने युवती को बैठा लिया और पुलिस को सूचना दे दी। तलाशी
में युवती के पास चोरी के कपड़े मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि झोटवाडा पुलिया के नीचे मोहन मार्केट में विद्याधरनगर निवासी पंकज गुप्ता ने अग्रवाल गारमेंट के नाम से शोरूम खोल रखा है। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक युवती खरीदारी के बहाने शोरूम में आई। काफी देर तक युवती इधर उधर कपड़े देखती रही। बाद में मालिक को युवती द्वारा कपड़े चोरी करने का शक हुआ। जिस पर पंकज गुप्ता ने युवती को बैठा लिया। उसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस को सूचना देने पर युवती ने शोरूम मालिक को धमकाया और कहा कि पुलिस मेरा क्या कर लेगी। सूचना पर एएसआई गोपीचन्द महिला कांस्टेबल के साथ शोरूम पर पहुंच गए। जहां महिला कांस्टेबल ने युवती की तलाशी ली तो उसके अंतरवस्त्रों में चोरी का एक टॉप्स व टी-शर्ट मिली। पुलिस ने मौके से युवती को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सोनू उर्फ सुनेना गुप्ता (25) खुद को कालवाड़ रोड की रहने वाली बता रही है। पुलिस उसके नाम पते की तस्दीक कर रही है।
0 comments:
Post a Comment