पथराव में चार कांस्टेबल घायल, तहसीलदार की गाड़ी में जमकर तोडफ़ोड़हमले के बाद एसडीएम, एसीपी, तहसीलदार ने भागकर बचाई जान
12 April 2015
जयपुर। शिवदासपुरा थानान्तर्गत गांव रामपुरा में शनिवार को न्यायालय के निर्देशानुसार दो पक्षों में जमीनी विवाद के निपटारे के लिए गए एसडीएम,
तहसीलदार, एसीपी और पुलिस टीम पर घात लगाए बैठे दूसरे पक्ष के लोगों ने घर की छतों से जमकर पथराव किया। दूसरे पक्ष के करीब दो दर्जन से ज्यादा लोगों ने घर की छतों से प्रशासनिक दल पर आग के पलीते, ईटे, पत्थरों की बौछार कर दी। दनादन पथराव को देखते हुए पुलिस बल और एसडीएम द्वितीय सांगानेर मय टीम ने मौके से भागकर बमुश्किल अपनी जान बचाई।
पुलिस के अनुसार एसडीएम द्वितीय सांगानेर विनोद मीणा ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि न्यायाधीश के आदेश की पालना में वे स्वयं तहसीलदार सांगानेर मक्खन लाल मीणा, गिरदावर गोनेर जयराम मीणा, पटवारी लाखना हनुमान गुर्जर, पटवारी शिकारपुरा गणेशलाल जाट, एईएन शुक्ला, सहायक पुलिस आयुक्त राजेन्द्र सिंह, एसएचओ शिवदासपुरा और चाकसू मय पुलिस जाब्ता के साथ ग्राम रामपुरा पहुंचे जहां पर दोनों पक्षों को लेकर उन्होंने बातचीत शुरू की थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के श्रवण, हनुमान, बाबू, जुगलकिशोर, श्याम, राम, रामबाबू, शंकर, गोदी पत्नी जगदीश और नानगी समेत अन्य लोगों ने मकानों की छतों से पत्थर, ईंटे, आग के पलीते से जाब्ते पर दनादन हमले शुरू कर दिए। एकाएक हुए हादसे में रास्ते में रखे चारे और झोपड़ी में आग लग गई। दबंगों के इस हमले में चार पुलिसकर्मियों एएसआई रवीन्द्र सिंह, कांस्टेबल महेश, सुरेश, सुखराम को चोंटे आई। साथ ही हमले में तहसीलदार सांगानेर की गाड़ी भी हमले में क्षतिग्रस्त हो गई। एकाएक हुए इस सुनियोजित हमले से डरे-सहमे पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मौके से भाग खड़े हुए और शिवदासपुरा थाने आकर एसडीएम सांगानेर और एसीपी चाकसू की ओर से रिपोर्ट दी। घटना के बाद अतिरिक्त जाब्ते के साथ पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों रामबाबू और शंकर को गिर तार कर लिया।
0 comments:
Post a Comment