30 March 2015
जयपुर। राजधानी में एक बार फिर फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों के साथ ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। इस बार बदमाशों ने गोविंद मार्ग पर वृद्धा को लूट का डर दिखाकर उसके जेवरात लेकर फरार हो गए।
थोड़ी दूर जाने पर जब महिला को ठगी का पता चला तो उसने मोतीडूंगरी थाने पहुंच पुलिस में मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने बताया कि गुरूनानकर पुरा राजापार्क निवासी लाजवंती भाटिया (65) पत्नी मनोहर लाल भाटिया शनिवार दोपहर करीब 12.15 बजे पैदल ही सेठानी जी का बाग स्थित मंदिर जा रही थीं। गोविंद मार्ग पर झूमर एंपोरियम के पास उन्हें दो युवक मिले और स्वयं को पुलिसकर्मी बताया। इसके बाद युवकों ने उनसे कहा कि बदमाशों का बहुत आतंक है और वह आपके पहने गहनों को लूट सकते हैं। इन्हें उतारकर रख लीजिए। इस पर पहले तो लाजवंती ने मना किया, लेकिन जब युवक बार-बार दबाव बनाने लगे तो उसने अपने सोने के दो कड़े, सोने की चेन उतार दी। इतने में एक युवक ने उनसे कहा कि वह इन गहनों को साड़ी के पल्लू में बांध देता है। इसके बाद उसने गहने ले लिए और पल्लू में बांध दिए। थोड़ी दूर जाने पर जब वृद्धा ने अपने गहने देखे तो वह गायब थे और दोनों युवक फरार हो चुके थे।
0 comments:
Post a Comment