स्वायत्त शासन सचिव का जयपुर दौरा, सफाई पर जताई नाराजगी
19 March 2015
जयपुर। जयपुर की सफाई व्यवस्था की पोल मंगलवार को स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव डॉ. मंजीत सिंह के दौरे में खुली। चारदीवारी सहित राजधानी के विभन्न इलाकों का दौरा करने निकले मंजीत सिंह
जगह-जगह कचरे के ढेर, अतिक्रमण देखकर उखड़ गए और निगम की सतर्कता शाखा के अफसरों को जमकर लताड़ पिलाई। इसके बाद उन्होंने अफसरों से अतिक्रमण करने वालों से मौके पर ही कैरिंग चार्ज वसूल करवाया। इसके अलावा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए। स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव मंजीत सिंह ने चांदी की टकसाल, सुभाष चौक, रामगढ़ मोड़ होते हुए आमेर रोड पर जलमहल से आगे तक और स्टेच्यू सर्किल के आस-पास के इलाके का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान जब सिंह हवामहल के सामने पहुंचे तो बरामदों व फुटपाथ पर अतिक्रमण देखे। इस पर उन्होंने विजीलेंस अधिकारियों को फटकारते हुए पूछा कि तुम्हारी टीमें करती क्या हंै? फुटपाथ पर अतिक्रमण कैसे हो रहा है? फुटपाथ दुकानों का सामान रखने के लिए नहीं बल्कि आमजन के लिए पैदल चलने का रास्ता है। तुम लोग करते क्या हो? इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही कैरिंग चार्ज वसूलने का निर्देश दिया।
मंजीत सिंह ने राजधानी की सफाई व्यवस्था पर भी गहरी नाराजगी जताई। कचरा डिपो से कचरा नहीं उठने और सड़कों पर लगे कचरे के ढेरों के साथ ही बिना ढके किए जा रहे कचरा परिवहन पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और निगम अधिकारियों को जमकर डांटा।
0 comments:
Post a Comment