इतला के 2 घंटे बाद भी नहीं पहुंची पुलिस,बाजार बंद रख जताया आक्रोश
19 March 2015
अलवर। जिले के बहरोड़ थाना इलाके में बीती रात को एक ज्वैलरी व्यापारी के घर में घुसे आधा दर्जन डकैतों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर परिजनों से मारपीट की और हथियारों की नोंक पर 25 लाख रुपए का माल लूटकर ले गए। बदमाश जाते-जाते फायरिंग करके पड़ोसी को घायल कर दिया।
सूचना देने के काफी देर बाद भी पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों ने पूरा बाजार बंद रखकर जमकर प्रदर्शन किया। वारदात के बाद से पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया की डकैती की वारदात बहरोड़ थानान्तर्गत रियाली गांव निवासी ज्वैलर सुरेश कुमार सोनी के घर पर हुई। मंगलवार देर रात व्यापारी अपने परिजनों के साथ सो रहा था। मध्य रात करीब डेढ़ बजे छत के रास्ते से नकाबपोश आधा दर्जन डकैत घर में घुसे और पूरे परिवार के साथ मारपीट करके रिवाल्वर की नोंक पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर आलमारी में से पांच लाख रुपए नकदी और नीचे स्थित शोरुम से बीस लाख रुपए के जेवरात लूट लिए। जब सुरेश कुमार ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट करके गंभीर रूप से घायल कर दिया है। बेखौफ अंदाज में एक घंटे तक लूटपाट करने के बाद डकैत फायरिंग करके फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर भागकर आए पड़ौसी प्रकाश यादव ने जब विरोध किया तो उसके गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात में गोली लगने से घायल हुए प्रकाश यादव को गोली लगने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जैसे ही पूरे इलाके में सूचना पहुंची आसपास के सभी परिवार मौके पर आ गए। पुलिस को सूचना देने के बावजूद दो घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची जिसको लेकर स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। सुबह होते ही व्यापारियों ने पूरा बाजार बंद करके जबर्दस्त विरोध किया पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर डकैतों की तलाश शुरू कर दी है।
0 comments:
Post a Comment