सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की करतूत कैद
पुलिस ने करवाई जिलेभर में नाकाबंदी
नागौर। जिले के गच्छीपुरा थाना इलाके में बीती रात अज्ञात बदमाश एक बैंक के एटीएम को ही उखाड़कर ले गए। मंगलवार सुबह जब लोगों ने मशीन गायब देखी तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक एटीएम में दस लाख से अधिक की नकदी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची
और घटनाक्रम की जानकारी लेकर जिले भर में नाकाबंदी करवाई। लेकिन पुलिस को बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने बताया कि गच्छीपुरा थाना इलाके के बडू गांव में एसबीबीजे बैंक का एटीएम लगा हुआ था। मुख्य बाजार स्थित एटीएम को रात एक पिकअप में सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने पहले तो रस्सी की सहायता से उखाड़कर बाहर निकाला तथा बाद में उसे पिकअप में डालकर फरार हो गए। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में चार लोग दिखाई दिए हैं, हालांकि फुटेज साफ नहीं होने के कारण आरोपियों की पहचान नहीं हो पा रही हंै। पुलिस का मानना है कि एटीएम में दस लाख से अधिक की नकदी थी तथा बदमाश भी आसपास के क्षेत्र के निवासी है। पुलिस ने एटीएम की तलाश के लिए इलाके के कुओं की तलाशी शुरू की है।
0 comments:
Post a Comment