पुलिस कर रही मामले की जांच
11 March 2015
जयपुर। आमेर थाना इलाके में सोमवार को हुई युवक की हत्या शराब पीने के बाद उसके दोस्तों ने ही पत्थर से सिर कुचल कर की थी। इसके बाद शव को जमीन में दबा दिया था। पुलिस ने इस मामले में मृतक के आधा दर्जन दोस्तों को हिरासत में ले रखा है।
थानाधिकारी धमेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि ख्यालीराम की हत्या उसके दोस्तों ने ही की थी। होली के दिन ख्यालीराम ने दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी। शराब पीने के बाद उनमें आपस में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसके बाद उसके दोस्तों ने उसकी पत्थर से सिर कुचल कर हत्या करने के बाद शव को जमीन में दबा दिया था। मृतक पॉलीटेक्निक कॉलेज में पढ़ता था और होली के दिन अपने दो दोस्तों के साथ घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा था। पुलिस ने मंगलवार को इलाके में लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। इसके अलावा मृतक व उसके दोस्तों की कॉल डिटेल निकलवाकर करीब एक दर्जन लोगों से इस संबंध में पूछताछ की। मृतक के परिजनों ने भी उसके दोस्तों पर ही हत्या का शक जाहिर किया था। शक के आधार पर उसके दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अब तक की जांच में ख्यालीराम की हत्या शराब पीने के बाद दोस्तों द्वारा ही उसे मौत के घाट उतारने की बात सामने आ रही है। गौरतलब है कि नांगल सुसावतान निवासी ख्याली राम मीणा (20)पुत्र जगदीश मीणा चार दिन पूर्व घर से लापता हो गया था। सोमवार सुबह नांगल सुसावतान में खाली प्लाट की नींव में शव पड़ा देखकर किसी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी थी।
0 comments:
Post a Comment