18 February 20015
जयपुर। खोहनोगारियान थाना इलाके में वैलेंटाइन डे के दिन एक प्रेमी महिला का रूप धरकर किशोरी को भगा ले गया। किशोरी घर से अपनी सहेली के साथ बाजार के लिए निकली थी। देर रात तक किशोरी घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी सहेली से पूछताछ की। बाद में परिजनों ने थाने में मुकदमा दर्ज करवाया। पुलिस ने मंगलवार को किशोरी को बरामद कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि पंचायत विहार निवासी 17 वर्षीय किशोरी 14 फरवरी की शाम पड़ोस में रहने वाली अपनी सहेली के साथ बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी। रास्ते में उसे साड़ी पहने हुए एक महिला मिली। उससे थोड़ी देर तक किशोरी बात करती रही, फिर महिला लेकर साथ में चली गई। देर रात तक जब किशोरी नहीं लौटी तो परिजन उसकी सहेली के पास पहुंचे। इस पर सहेली ने किशोरी के परिजनों को सारी बात बताई। साथ ही कहा कि उसे लगा कि कोई परिचित होगी। बाजार से अचानक किशोरी के गायब होने पर परिजन परेशान हो गए। उन्होंने थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। संदेह होने पर पुलिस ने सहेली से पूछताछ की तो सारा मामला सामने आया। इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने सिंधी कैंप निवासी मनोज (27) को पकड़ लिया। किशोरी का मेडिकल कराया गया है। उसकी रिपोर्ट व बयान आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-आरोपी शादीशुदा, एक बच्चा भी है
एएसआई मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी मनोज पहले से ही शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी का किशोरी से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी व किशोरी का परिवार में रिश्तेदारी भी है।
0 comments:
Post a Comment