स्कूली बच्चे के अपहरण का प्रयास,दो अज्ञात स्कूल से अगवा करने पंहुचे
7 February 2015
जयपुर। रामबाग स्थित एसएमएस स्कूल से छुट्टी होने के बाद इनकम टैक्स के उप निदेशक के 9 वर्षीय पुत्र को अगवा करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्चे को लेने आए ड्राइवर की सूझबूझ से अपहरणकर्ता बच्चे को छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद बच्चे को लेकर ड्राइवर तत्काल गांधीनगर थाने पहुंचा और पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एहतियात के तौर पर पुलिस छात्र पर विशेष नजर रख रही है।
पुलिस ने बताया कि इनकम टैक्स में उप निदेशक के पद पर तैनात रघुवीर डांगुर का 9 वर्षीय पुत्र समुद्र सिंह रामबाग स्थित एसएमएस स्कूल में पांचवी कक्षा में पढ़ता है। गुरुवार दोपहर को स्कूल की छुट्टी होने बाद दो अज्ञात युवक उसके पास आए और कहा कि आपके पापा ने हमें भेजा है घर छोड़कर आना है। तभी रोजाना की तरह उसे स्कूल छोडऩे और स्कूल से लेकर जाना वाला उप निदेशक का ड्राइवर आ गया और छात्र को लेकर जा रहे दोनों अजनबियों स्कूल के गेट पर रोक लिया। संदेह होने पर ड्राइवर ने सजगता बरतते हुए छात्र के घर पर पूछ लिया। जहां पर किसी के नहीं भेजने की बात सामने आई लेकिन तब तक दोनों अपहरणकर्ता छात्र को छोड़कर मौके से फरार हो गए। ड्राइवर छात्र को लेकर तत्काल थाने पहुंचा। जहां पर पुलिस ने भादंसं की धारा 365,511 के तहत अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर के बताए गए हुलिए के अनुसार दोनों अपहरणकर्ताओं के स्क्ैच तैयार करवाए जा रहे हैं। छात्र को लेकर पुलिस विशेष एहतियात बरत रही है।
0 comments:
Post a Comment