रिटायर्ड बैंक ऑफिसर का बेटा निकला हत्यारा
28 January 2015
जयपुर। मालवीयनगर सेक्टर 8 स्थित नमन गेस्ट में हाउस रविवार को हुई गेस्टहाउस संचालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक ने महिला की हत्या की वजह व्यापारिक रंजिश को बताया है। आरोपी युवक रिटायर्ड बैंक ऑफिसर का पुत्र है।
वह करीब डेढ़ माह से महिला की हत्या करने की फिराक में था। रविवार को उसने संचालिका को अकेला पाकर उसकी गला काटकर हत्या कर दी थी। पुलिस को मिली सीसीटीवी फुटेज और अनुसंधान में पड़ोस में ही रहने वाले एक युवक पर शक हुआ जिसके बाद युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
डेढ़ माह पहले खरीदा था चाकू
आरोपी युवक ओंकार वर्मा(35) पुत्र केदारनाथ निवासी सेक्टर 8 मालवीयनगर में एक गेस्ट हाउस चलाता है। ठीक उसी के सामने अनुराधा सेठिया(52) ने ओम नमन गेस्ट हाउस खोल रखा था। व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के चलते दोनों में काफी दिनों से रंजिश चल रही थी। इसी के चलते ओंकार ने अनुराधा को ठिकाने लगाने की साजिश रची। करीब डेढ़ माह पूर्व वह एक धारदार चाकू खरीदकर लाया था। रविवार दोपहर गेस्टहाउस के सभी कर्मचारियों के नदारद रहने पर उसे वारदात को अंजाम देने का मौका मिल गया। ओंकार चाकू लेकर नमन गेस्ट हाउस के भीतर चला गया। अनुराधा कु छ समझ पाती इससे पहले ही उसने महिला के पेट, सीने और गले पर चाकू से दनादन वार किए जिससे अनुराधा की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी हत्या करने के बाद फरार हो गया था।
पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए एसीपी मालवीयनगर शालिनी राज के निर्देशन में जवाहर सर्किल थानाधिकारी मुकेश चौधरी, बाबूलाल, बनवारी लाल, राजेश कुमार और सियाराम कांस्टेबल की टीम गठित की गई। पुलिस को मौके से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अनुसंधान के बाद ओंकार पर शक हुआ। ओंकार के हाथ में चाकू की चोट के निशान नजर आए जो अनुराधा की हत्या करने के दौरान उसके हाथों पर लगे थे। इस पर आरोपी से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने अनुराधा की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
अनैतिक गतिविधियों की शिकायत थी
पुलिस और स्थानीय लोगों की मानें तो नमन गेस्ट हाउस में काफी समय से अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं। जिसके चलते कॉलोनीवासी कई बार पुलिस को भी शिकायतें कर चुके थे। वहीं महिला के विरुद्ध जमीनों पर कब्जे करने के कई मामले कई थानों में विचाराधीन हैं। दो माह पूर्व पुलिस जमीन पर कब्जा करने के आरोप में उसे गिरफ्तार भी कर चुकी थी।
0 comments:
Post a Comment