8 लाख की नकदी,लाखों के जेवरात लेकर हुआ फरार
अज्ञात विषाक्त मिली मिठाई खिलाकर मकान मालिक-परिवार को बेहोश किया
26 January 2015
बिना किसी प्रमाणिक दस्तावेज के विश्वास में किराएदार रखा एक युवक मकान मालिक दंपति सहित परिवार के छह सदस्यों केा अज्ञात दवा मिली मिठाई खिलाकर पूरा घर साफ कर ले गया। 8 लाख की नकदी और लाखों के जेवरात लेकर फरार हुए जहरखुरानी की करतूत का रविवार सुबह पता चलने पर चाकसू थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। अज्ञात विषाक्त के दुष्प्रभाव के कारण बेहोश लोगों को पूरी तरह होश नहीं आया है। पुलिस आरोपी की हुलिए के आधार पर पड़ताल कर रही है।
यह हुआ घटनाक्रम
शनिवार दोपहर को एक थैला लेकर एक युवक चाकसू स्थित निमोडिया नगर वार्ड 18 स्थित एक मकान में किराए पर कमरा लेने के लिए आया। इस पर घर में मौजूद मकान मालिक कैलाश चन्द्र ने उससे नाम और पता पूछा तो उसने खुद का नाम राहुल शर्मा और निवासी महुआ दौसा का बताया। कैलाश चन्द्र ने उससे बिना पहचान पत्र लिए उसे 1500 रुपए मासिक किराए पर कमरा किराए पर दे दिया। शाम को बदमाश ने पूरे कमरे की सफाई की और उसके बाद पूजा-अर्चना की। रात ज्यादा होने के कारण उसने सांगानेर स्थित अपने कथित बड़े भाई के कमरे पर जाने में
असमर्थता व्यक्त की। सह्दयतावश कैलाश चन्द्र ने उसे सोने के लिए बिस्तर दे दिए और खाना खिलाया। इसके बाद शातिर राहुल बाजार गया और मिठाई का डिब्बा लेकर आया। उसने मिठाई में विषाक्त मिलाकर परिवार में मौजूद कैलाश चन्द्र उनकी पत्नी प्रेमलता(55), पुत्र राजेन्द्र(25) और दिनेश(32) को मिठाई वितरित की। शातिर ठग ने दिनेश के दो मासूम बच्चों को भी मिठाई खिलाई। घर में मौजूद दिनेश की पत्नी रजनी ने घरेलू कार्य में व्यस्त होने की वजह से मिठाई खाने से इनकार कर दिया। मिठाई खाने के बाद सभी को नींद आने लगी और सोने के लिए चले गए। इसके बाद मौका पाकर राहुल ने घर की चाबियां ढूंढकर आलमारी का ताला खोलकर घर में रखे 8 लाख रुपए नकद और 3 सोने के हार, सवा पांच किलो चांदी, 5 तोला सोना चुरा लिया और मौका पाकर वहां से भाग निकला। रविवार सवेरे रजनी ने सभी को जगाया तो सभी बेसुध पड़े मिले। इसके बाद बेसुध पड़े लोगों को रजनी पानी ड़ालकर होश में लाई। परिवार के सारे सदस्यों को होश में आने पर जब सभी ने राहुल को देखा तब वह नदारद मिला। घर के सामान की तलाशी के दौरान उन्हें चोरी की वारदात का पता चला। तबीयत खराब महसूस होने पर कैलाश, प्रेमलता और राजेन्द्र को चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया जहां पर सभी की हालत में सुधार है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी का मेडिकल चेकअप करवाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
0 comments:
Post a Comment