जयपुर। आमेर इलाके के नांगल सुसावतान में हत्या कर युवक की लाश मिट्टी में दबाने के आरोप में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन जनों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी का आमेर निवासी एक युवती के साथ संबंध थे। इसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर मृतक मुख्य आरोपी को दो साल से ब्लैकमेल कर रहा था।
हत्या के दिन भी शराब के नशे में मृतक ने उसे धमकी दी थी। आरोपियों को पुलिस शनिवार को कोर्ट में पेश करेगी।
एसीपी आमेर अनिल चौहान ने बताया कि आरोपी मर्गों की ढाणी नांगल सुसावतान निवासी नवल बुनकर (19) पुत्र छाजू राम बुनकर, फूलचंद (28) पुत्र माना राम रैगर और सोहन लाल (24) पुत्र गल्लू रैगर है। तीनों ने मिलकर धुलंडी के दिन 6 मार्च को पत्थर से सिर कुचलकर गांव के ही याली उर्फ खिलाड़ी (20) पुत्र जगदीश मीणा की हत्या कर दी थी। फिर गांव के पास खाली पड़े प्लॉट में लाश को मिट्टी में दबा दिया था।
दो साल से दे रहा था धमकी
मृतक याली उर्फ खिलाड़ी मीणा और मुख्य आरोपी नवल बुनकर दोस्त थे। आमेर में रहने वाली एक युवती के साथ नवल के संबंध थे। इस बारे में याली को पता लग गया था। दोनों के संबंधों को सार्वजनिक करने की याली दो साल से धमकियां दे रहा था। इसके बदले वह आरोपी से कई बार पैसे ले चुका है। धुलंडी के दिन भी शराब के नशे में उसे गांव में बदनाम करने की धमकी दी। इस पर तीनों आरोपी उसे गांव के पास स्थित ााली प्लॉट पर ले गए और पत्थरों से कुचलकर याली की हत्या कर दी।
0 comments:
Post a Comment