खण्ड़ार में संघर्ष,पथराव-मारपीट से हालात बिगड़े
पुलिस की गोली से एक की मौत,दो घायल
8 February 2015
सवाईमाधोपुर। जिले की खण्ड़ार पंचायत समिति के प्रधान चुनाव को लेकर शनिवार अपरान्ह दो प्रत्याशी समर्थकों के बीच जबर्दस्त संघर्ष और पथराव के बाद अचानक हालात बेकाबू हो गए। पुलिस ने पहले बलप्रयोग कर भीड़ को खदेडऩा चाहा लेकिन संख्याबल कम होने के कारण दोनों पार्टियों के लोग मौके पर ही डटे रहे।
उसके बाद भारी पुलिस बल ने कई राउंड आंसू गैस छोड़ी और रबड़ की गोलियां चलाई जिससे एक जने की मौत हो गई और रबड़ बुलेट लगने से दो जने घायल हो गए। घटना के बाद पूरे कस्बे में जबर्दस्त तनाव फैल गया और आक्रोशित भीड़ पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर सडक़ पर बैठ गई। घटना की इत्तला के बाद जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित जिले के सभी आला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी मशक् कत के बाद मृतक का शव कब्जे में लेकर उसे जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। मध्य रात्रि खबर लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन के साथ सभी आला अधिकारी मृतक के शव का पोस्टमार्टम
करवाने के लिए समझाइश में जुटे हुए थे।
मौके पर पहुंचे भरतपुर रेंज आईजी बीजू जार्ज जोसफ ने बताया कि खण्ड़ार पुचायत समिति के प्रधान चुनाव को लेकर पंचायत समिति मुख्यालय में नामांकन प्रक्रिया चल रही थी। उसी दौरान अपरान्ह करीब साढ़े तीन बजे सडक़ पर दो समूहों में बंटी भीड़ आमने-सामने हो गई और उनमें संघर्ष छिड़ गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने पहले हल्का बल प्रयोग किया लेकिन जबर्दस्त पथराव के कारण स्थिति नियंत्रण के बाहर हो गई। इस पर पहले अश्रुगैस छोड़ी गई और फिर रबड़ की गोलियां चलाई गई।इस दौरान एक गोली सीधी दुुलीचंद जाट के सिर में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद से ग्रामीणों में बेहद आक्रोश व्याप्त है। एहतियात के तौर पर कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला कलेक्टर पूनम, पुलिस अधीक्षक विकास पाठक आला अधिकारियों के साथ समझाइश वार्ता में जुटे हुए हैं।
0 comments:
Post a Comment